महराजगंज ब्रेकिंग : यात्री भरी बस डीपो की दीवार से टकराई, एक दर्जन घायल
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- शनिवार को महराजगंज रोडवेज डीपो में उस समय हड़कंप मच गया जब यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर डीपो की दीवार से टकरा गई। इस हादसे में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह बस महराजगंज से निचलौल और ठूठीबारी के लिए रवाना हुई थी। बस में सवार दर्जनों यात्री अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी बीच चालक बस को ब्रेक बनवाने के लिए महराजगंज डीपो लेकर आया। डीपो परिसर में बने मोड़ पर चालक सही ढंग से बस को नियंत्रित नहीं कर सका, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों और रोडवेज कर्मचारियों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। स्टेशन इंचार्ज रमज़ान अली ने बताया कि बस निचलौल और ठूठीबारी जाने वाली थी। चालक ब्रेक की दिक्कत को देखते हुए बस को डीपो लेकर आया था, लेकिन मोड़ पर बस को सही से घुमा नहीं पाने के कारण यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और बस को कब्जे में ले लिया है। घायलों के परिजनों को सूचना दी जा रही है। हादसे के बाद बस यात्रियों और परिजनों में आक्रोश और दहशत का माहौल बना हुआ है
यह भी पढ़ें : मनरेगा में धांधली का कमाल,खरीफ़ के मौसम में उगाई जा रही रबी की फसल